विश्व अंतरिक्ष सप्ताह के मौक़े पर सऊदी अरब के अलउला प्रांत में दुनिया के अलग-अलग देशों से पर्यटक और तारे निहारने के शौक़ीन बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। प्राकृतिक ख़ूबियों, साफ़ आसमान और बहुत कम प्रकाश प्रदूषण के चलते अलउला खगोल पर्यटन का एक प्रमुख गंतव्य बन गया है।

यहां आने वाले लोग तारों को निहारने और उनकी तस्वीरें लेने, दूरबीन से ग्रहों और खगोलीय पिंडों को देखने के साथ-साथ अतीत और वर्तमान में खगोल विज्ञान से जुड़ी सांस्कृतिक विरासत और कहानियों को जानने का अनुभव ले सकते हैं।

अलउला के विविध प्राकृतिक स्थल, अनोखी चट्टानी संरचनाएं और रेगिस्तानी नज़ारे पर्यटकों को प्रकृति की खोज और उसकी सुंदरता का आनंद एक साथ लेने का मौक़ा देते हैं।

यहां की पर्यटन कंपनियों के मालिक योग्य सऊदी युवक-युवतियां हैं, जो मेहमानों का स्वागत करती हैं और तरह-तरह के टूर आयोजित करती हैं। पुरुष और महिला गाइड कई भाषाओं में अलउला के पुरातात्विक और प्राकृतिक स्थलों की जानकारी देते हैं।

अलउला के कई स्थलों को डार्कस्काई इंटरनेशनल की मान्यता मिल चुकी है, जो पर्यावरण संरक्षण और प्रकाश प्रदूषण घटाने के प्रयासों की पहचान है। ‘अलउला मनारा’ टीम खगोल और अंतरिक्ष विज्ञान विशेषज्ञों के साथ अवलोकन सत्र और इंटरैक्टिव कार्यशालाएं भी आयोजित करती है।