रॉयल कमीशन फ़ॉर अलउला की फ़िल्म एजेंसी ‘फ़िल्म अलउला’ 14 अक्टूबर से 18 दिसंबर तक अलउला के विला हेगरा में ‘सिनेमा अप क्लोज़’ कार्यक्रम का दूसरा संस्करण आयोजित करेगी, जिसमें कई फ़िल्मकार और सिनेमा विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
छह सप्ताह के इस कार्यक्रम में हर सप्ताह तीन सत्र होंगे, जिनमें फ़िल्म प्रदर्शन, संवाद, कार्यशालाएं और इंटरैक्टिव अनुभव शामिल हैं। इससे प्रतिभागी फ़िल्म निर्माण के विभिन्न पहलुओं को समझ सकेंगे और विशेषज्ञों से सीख सकेंगे।
14 से 16 अक्टूबर तक चलने वाले पहले सप्ताह का विषय ‘ऐसे जन्म लेती है कहानी’ है। इसमें सऊदी निर्माता-निर्देशक अयमन जमाल बताएंगे कि स्थानीय कहानियां विचार और पटकथा से लेकर निर्माण और निर्देशन तक किस तरह फ़िल्म का रूप लेती हैं, और सांस्कृतिक विरासत इसमें क्या भूमिका निभाती है। इस सप्ताह ‘विचार से पर्दे तक: स्थानीय कहानियां सफल फ़िल्में कैसे बनती हैं?’ नामक इंटरैक्टिव सत्र और एक फ़िल्म प्रदर्शन के बाद चर्चा भी होगी।
इसके बाद ‘कॉमेडी... सरहदों से परे’ (28 से 30 अक्टूबर), ‘लीक से हटकर निर्माण’ (11 से 13 नवंबर), ‘देखने की एक और नज़र’ (25 से 27 नवंबर) और ‘जीवंत होते चित्र’ (2 से 4 दिसंबर) सप्ताह होंगे, जबकि समापन ‘किरदार के लिबास में’ सप्ताह के साथ 16 से 18 दिसंबर को होगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य सिनेमा संस्कृति को बढ़ावा देना और उभरती प्रतिभाओं को कहानी कहने, निर्माण, निर्देशन और एनिमेशन की जानकारी देना है। इच्छुक लोग कार्यक्रम की वेबसाइट पर पंजीकरण कर सकते हैं।

